यह विडम्बना ही है कि जिनके अनपढ़ (85% निरक्षरता) बाप-दादा और पुरखे तब कहीं खेतों में मजदूरी (75% ग़रीबी) किया करते थे, वैसे ही लोग आज तब के विद्वान और महान नेताओं तथा स्वतंत्रता सेनानियों पर सवाल उठाते हैं।

 'सच इतना ही है कि नेहरू अंग्रेजों का पालतू था और सुभाष चंद्र बोस एक देशभक्त थे। अब ये इंसान चाह रहा है कि नेहरू को ये देशभक्त साबित कर दे।'


ये कमेंट मेरी पिछली नेहरू और बोस वाली पोस्ट पर एक बहनजी ने किया। इसे पढ़कर लगा कि आलोचना तक तो बात ठीक थी, लेकिन अब एक ऐसा बड़ा वर्ग भी है, जो नेहरू से बेहिसाब नफरत करने लगा है। और मुझे बहुत हद यकीन है कि इसने नेहरू के बारे में न के बराबर पढ़ा होगा। इसलिए नेहरू को समझ भी नहीं पाया। और इधर-उधर की बातें सुनकर नफरत करने लगा। 


और सबसे अजीब बात है कि इस नफरत को फैलाने के लिए सुभाष चंद्र बोस का इस्तेमाल किया जा रहा है। जैसे नेहरू और बोस एक-दूसरे के दुश्मन थे। जैसे एक देशभक्त था, तो दूसरा अंग्रेजों का पालतू। जबकि इतिहास इन दोनों के रिश्ते की बिल्कुल अलग तस्वीर दिखाता है।


जैसा कि मैंने पिछली पोस्ट में विस्तार से बताया था कि बोस और नेहरू के बीच बहुत ज्यादा राजनीतिक थे। लेकिन दोनों एक-दूसरे का बराबर सम्मान करते थे। 


1942 में अंग्रेजी अखबार 'द स्टेट्समैन' ने आरोप लगाया कि सुभाष चंद्र बोस ने कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए दुश्मन देशों से पैसे लिए। तो नेहरू ने इस आरोप का खुलकर विरोध किया। उन्होंने अखबार को पत्र लिखकर कहा कि बोस के साथ उनका कितना भी मतभेद हो, उन्हें इस आरोप पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं। नेहरू ने अखबार से सबूत भी मांगे, जो जाहिर तौर पर मिले नहीं।


दूसरी तरफ बोस ने भी नेहरू के प्रति अपना सम्मान दिखाया। आजाद हिंद फौज में उन्होंने नेहरू के नाम पर भी एक टुकड़ी बनाई... 'नेहरू ब्रिगेड'। ये कोई छोटी बात नहीं थी। बोस चाहते तो अपनी सेना में केवल अपने समर्थकों या क्रांतिकारियों के नाम पर टुकड़ियां बना सकते थे। लेकिन उन्होंने गांधी, नेहरू और मौलाना आजाद के नाम पर भी ब्रिगेड बनाईं।


इतिहासकार रुद्रांशु मुखर्जी ने लिखा है कि 1945 में जब नेहरू को बोस की विमान दुर्घटना में मौत की खबर मिली तो वे भावुक होकर रोने लगे थे। ये पहली बार था, जब उन्हें सार्वजनिक तौर पर रोते देखा गया। 


बाद में नेहरू ने बोस की बेटी अनीता के लिए आर्थिक मदद का इंतजाम करने में भी भूमिका निभाई। 1954 में उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बीसी रॉय के साथ मिलकर दो लाख रुपये का ट्रस्ट बनवाया। इस रकम से अनीता की आर्थिक मदद हुई थी। नेहरू बोस की पत्नी एमिली शेंकल की बराबर खबर लिया करते थे। उनके लिए दार्जिलिंग की चाय भेजते थे। 


अब जरा नेहरू की अपनी जिंदगी देखिए। वे मोतीलाल नेहरू जैसे बेहद रईस वकील के बेटे थे। उनके पास आराम की जिंदगी बिताने के सारे साधन थे। इंग्लैंड में पढ़ाई की। चाहते तो आराम से वकालत कर सकते थे। लेकिन वे आजादी की लड़ाई में उतर गए। अंग्रेजों ने उन्हें नौ बार जेल भेजा। कुल 3,259 दिन उन्होंने जेल में बिताए। यानी करीब नौ साल। 


आजादी के बाद भी नेहरू जब प्रधानमंत्री बने, तो देश बदहाल था। निरक्षरता दर 85% थी यानी 100 में से सिर्फ 15 लोग पढ़े लिखे थे। 100 में से 75 लोग गरीबी रेखा से नीचे थे। औसत उम्र 32 साल थी। प्रति व्यक्ति आय की ग्रोथ तो 0.1% थी। मतलब की शून्य से शुरुआत करनी थी। फिर पाकिस्तान के साथ बंटवारा था। युद्ध था। हैदराबाद जैसी रियासतों का मसला था। 


फिर भी नेहरू ने सरदार पटेल और बाकी नेताओं के साथ मिलकर ईंट से ईंट जोड़कर देश की मजबूत बुनियाद रखी। वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया। IIT जैसे संस्थान बनवाए। परमाणु ऊर्जा आयोग को मजबूत किया। रिसर्च इंस्टीट्यूट बने। बड़े बांध बने। भिलाई, राउरकेला और दुर्गापुर जैसे इस्पात संयंत्रों की नींव पड़ी। इन सबका मकसद था कि भारत आने वाले दशकों में अपनी औद्योगिक और वैज्ञानिक ताकत खड़ी कर सके।


इसका मतलब ये भी नहीं कि नेहरू ने जो किया, सब सही था। लेकिन जिसने देश में आधुनिक संस्थानों, वैज्ञानिक अनुसंधान और औद्योगिक विकास की नींव रखने में इतनी बड़ी भूमिका निभाई, उसे अंग्रेजों का पालतू कहना इतिहास के साथ मजाक है।


अब सुभाष चंद्र बोस की विचारधारा पर भी बात कर लेते हैं। बोस बहुत बड़े देशभक्त थे। उनकी बहादुरी और अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। मगर आर्थिक मामलों में बोस की सोच काफी समाजवादी और वामपंथी थी। वे मजबूत केंद्रीय सत्ता यानी आसान शब्दों में तानाशाही के समर्थक थे। 


बोस का मानना था कि आजादी के बाद देश को ऐसी सरकार चाहिए, जो सख्त और एकतरफा फैसले ले सके। उन्होंने कम से कम शुरुआती कुछ सालों के तानाशाही व्यवस्था की वकालत की। उनकी दलील थी कि देश गरीबी, अशिक्षा और सामाजिक असमानता से जूझ रहा है। इसलिए तेजी से बदलाव के लिए कठोर फैसलों की जरूरत होगी। 


धार्मिक राजनीति पर भी बोस के विचार बहुत से लोगों को असहज कर सकते हैं, जो उनके कट्टर अनुयायी होने का दावा करते हैं। बोस हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग, दोनों की सांप्रदायिक राजनीति के घनघोर विरोधी थे। उन्होंने हिंदू महासभा की राजनीति की तीखी आलोचना की थी। बोस ने 12 मई 1940 को बंगाल की जनसभा में कहा था,


'हिंदू महासभा ने हाथों में त्रिशूल लेकर वोट मांगने के लिए साधु-संतों को मैदान में उतारा है। त्रिशूल और गेरुआ वस्त्र देखते ही हिंदू श्रद्धा से सिर झुका देते हैं। हिंदू महासभा ने धर्म का फायदा उठाकर और उसे अपवित्र करके राजनीति के अखाड़े में प्रवेश किया है। हर हिंदू का ये कर्तव्य है कि वह इसकी निंदा करे। इन गद्दारों को राष्ट्रीय जीवन से बाहर निकाल फेंके। इनकी बातों पर ध्यान न दे।'


अब जरा कल्पना कीजिए कि बोस आजाद भारत के प्रधानमंत्री बन गए होते। उनकी राजनीतिक विरासत आज की राजनीति के केंद्र में होती, तो क्या उन्हें भी नेहरू वाली नफरत का सामना नहीं करना पड़ता? 


बोस की पत्नी एमिली शेंकल विदेशी मूल की थीं। उनकी बेटी अनीता विदेश में जन्मी। पालन-पोषण भी यूरोप में हुआ। क्या आज सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी को विदेशी जासूस और बेटी को विदेशी नस्ल का बताकर निशाना नहीं बनाया जाता? बोस के जर्मनी और जापान से संबंधों को लेकर उन्हें देशद्रोही कहने वाले भी मिल जाते। उनकी तानाशाही वाली सोच और हिंदू महासभा की आलोचना को लेकर भी सवाल उठते। शायद हिंदू विरोधी भी बताया जाता।  


इतिहास को अपनी पसंद के हिसाब से चुनना बहुत आसान है। किसी नेता की एक अच्छी बात उठाकर उसे महान बना दीजिए और दूसरे की एक गलती उठाकर उसे गद्दार घोषित कर दीजिए। लेकिन इससे इतिहास नहीं समझ आता। बोस महान थे। नेहरू भी आजादी की लड़ाई के बड़े नेता थे। दोनों की अपनी खूबियां थीं और अपनी सीमाएं भी।


नेहरू के सबसे बड़े आलोचकों में से एक अटल बिहारी वाजपेयी थे। वे उस समय विपक्ष में थे। नेहरू की नीतियों पर उन्होंने संसद में कई बार तीखे सवाल उठाए। चीन के मामले में भी उन्होंने नेहरू को कठघरे में खड़ा किया। लेकिन 27 मई 1964 को नेहरू के देहांत के बाद जब वाजपेयी ने राज्यसभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी तो उनके शब्द सुनने लायक थे।


अटलजी ने कहा था, 'एक सपना था जो अधूरा रह गया। एक गीत था जो गूंगा हो गया। एक लौ थी जो अनंत में विलीन हो गई। सपना था एक ऐसे संसार का जो भय और भूख से रहित होगा। गीत था एक ऐसे महाकाव्य का जिसमें गीता की गूंज और गुलाब की गंध थी। लौ थी एक ऐसे दीपक की जो रात भर जलता रहा, हर अंधेरे से लड़ता रहा और हमें रास्ता दिखाकर, एक प्रभात में निर्वाण को प्राप्त हो गया।


मृत्यु ध्रुव है, शरीर नश्वर है। कल कंचन की जिस काया को हम चंदन की चिता पर चढ़ा कर आए, उसका नाश निश्चित था। लेकिन क्या यह जरूरी था कि मौत इतनी चोरी छिपे आती? जब संगी-साथी सोए पड़े थे, जब पहरेदार बेखबर थे, हमारे जीवन की एक अमूल्य निधि लुट गई। भारत माता आज शोकमग्न है... उसका सबसे लाडला राजकुमार खो गया।'


अब सोचिए जरा। जिस नेता की नीतियों की आलोचना करते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने अपना राजनीतिक जीवन बिताया, उसके निधन पर उन्होंने इतनी उदारता दिखाई। क्योंकि वो उस शख्स के संघर्ष और नीतियों का मोल समझते थे। यही राजनीतिक संस्कार थे। यही लोकतंत्र की खूबसूरती थी।


देशभक्ति किसी एक नेता की निजी संपत्ति नहीं है। और इतिहास किसी एक पार्टी की जागीर नहीं। गलती पर सवाल उठाइए, फैसलों की आलोचना कीजिए। मगर अपनी बेवजह और बेहिसाब नफरत को इतिहास का नाम मत दीजिए।

Comments

Popular posts from this blog

"कच्ची नीम की निम्बौरी सावन जल्दी अईयो रे.........''

My Favorite book list (Nonu)

कलियुग का लक्ष्मण