फंदे उल्टे सीधे...This is for my Pari
माँ ने कुछ फंदे सलाई में डाले और बिठा लिया बेटी को पास। ध्यान से देखो क्योंकि तुमको भी बुनना है एक स्वेटर अपनी सास का अपने श्वसुर का बुनना होगा पति के लिए और एक देवर का ननद नंदोई के लिए पहले बुनना है ताकि आए न तुम पर कोई भी बात। यह बातें मेरी माँ ने कही थी। ऊन ध्यान से तुम सुलाझना पड़ न जाए उसमें गांठ एक डिजाइन उल्टे फंदो का एक सिखाऊं सीधे का आज। रख लूंगी सहेज कर इनको तुम्हारे दहेज के मैं साथ खुश हो जायेंगे घरवाले पाकर बहू के हाथों की गरमाहट। यह बातें मुझसे मेरी माँ ने कही थी वही समझा रही हूं तुमको आज कम न रहे मेरी भी गुड़िया सारे आएं उसको काज। रंग बिरंगे फंदो को तुम आपस में कुछ ऐसे मिलाना बुन जाए नया डिजाइन सबसे सुंदर नजर वो आए बच्चों के टोपे के साथ मोजे बुनना मैं सिखाऊं दस्ताने और मफलर गुड़िया सबकी ठंडक जल्द भगाएं। ऐसा मेरी माँ ने कहा था तुमको भी मैं समझा रही कुछ बुनाई सीखा रही हूं। कुछ ऊन अपनी पसंद की अपने लिए भी तुम ले लेना बुन लेना अपने भी सपने यह कहना माँ को याद नहीं क्योंकि ऐसा माँ ने कभी नहीं सुना था क्योंकि माँ की माँ ने नहीं कहा था।