लड़के



कुछ लड़के बड़े अच्छे लगते हैं
जब मां से पूछते हैं ,
"आम का अचार है क्या ?"

कुछ लड़के जब कभी किसी लड़की को 
कनखियों से देखने पर पकड़े जाते हैं,
तो शर्माकर, सकपकाकर , पकड़ने वाले से ही 
पलटकर पूछते हैं "क्या हुआ ? कुछ भी तो नहीं !"
कसम से , अच्छे लगते हैं !

अच्छे लगते हैं वे सारे लड़के,
जो मंगलवार और शनिवार को,
मंदिर में  प्रसाद चढ़ाकर,
मन ही मन सबके लिए राजी-खुशी 
मांगा करते हैं , और मीठी बूंदी और पेड़े
घर -मुहल्ले में बिना नागा बाँटा करते हैं !

अच्छे लगते हैं वे सारे लड़के 
जो चाकलेट, चिप्स के पैकेट खोलकर
कर देते हैं सबसे पहले 
अपनी माँ और बहन के आगे,
और कहते हैं , "लो, आपका फेवरेट है न ये वाला !"

कुछ लड़के सचमुच अच्छे लगते हैं जब,
ऐमी.वाई.बंटाई के गानों से बेखबर ,
सुनते हैं किशोर कुमार और मोहम्मद रफी को,
और गुनगुनाते हैं, कहीं दूर जब दिन ढल जाए !

वे सारे लड़के सच में बहुत अच्छे लगते हैं,
जो अक्सर  गोलगप्पे वाले से कहते हैं ,
"भैया मुझे मीठे पानी वाला देना !"

अच्छे लगते हैं ऐसे सारे लड़के ,
क्योंकि इनके व्यक्तित्व में कुछ तो 
जरूर होता है , जो इन्हें भविष्य में 
एक बेहतर पुरुष बनने में मदद करता है!

Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

मेरे बेटे

नया युग(कविता)

"कच्ची नीम की निम्बौरी सावन जल्दी अईयो रे.........''